रांची. भाजपा प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश माथुर ने शनिवार को दावा किया कि झारखंड के लोगों को यह विश्वास है कि भाजपा ही राज्य का विकास कर सकती है। पिछले पांच वर्षों में राज्य की जनता ने विकास देखा है। राज्य और केंद्र सरकार की योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं। पार्टी उम्मीदवारों के प्रति वोटरों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में यह स्पष्ट है कि राज्य में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। 23 दिसंबर को झारखंड में भाजपा का झंडा फिर से फहराएगा।
अरगोड़ा स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी माथुर ने कहा कि टिकट वितरण के बाद सभी चुनाव क्षेत्रों में प्रचार शुरू हो चुका है। राज्य के विभिन्न जिलों में सभाएं हो रही हैं, जहां जनता का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से तैयारी का फीड बैक लिया जा रहा है। मिल रही जानकारी के अनुसार पार्टी आसानी से 65 पार का अपना लक्ष्य हासिल कर लेगी। माथुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को डाल्टनगंज और गुमला में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर पार्टी की ओर से तैयारी की जा रही है। पीएम की सभा के बाद भाजपा के पक्ष में और वातावरण बनेगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और सह मीडिया प्रभारी संजय जायसवाल मौजूद थे।
महाराष्ट्र पर : सहयोगी दलों की अपेक्षा बढ़ जाती है, तो गठबंधन नहीं चल पाता
महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार बनने पर माथुर ने कहा कि जब सहयोगी दलों की अपेक्षा बढ़ जाती है तो गठबंधन नहीं चल पाता है। वहां पर भाजपा और शिव सेना ने एक साथ चुनाव लड़ा। शिव सेना से भाजपा को दोगुनी सीटें आईं, फिर भी वे अपनी जिद पर बने रहे। माथुर ने कहा कि कोई भी पार्टी भाजपा का अकेले मुकाबला नहीं कर सकती।
चंदवा नक्सली घटना पर : निर्वाचन आयोग सही, पांच चरणों में चुनाव कराना ठीक
चंदवा में हुई नक्सली घटना पर माथुर ने कहा कि निर्वाचन आयोग का पांच चरणों में चुनाव कराने का फैसला सही है। आयोग ने जब यह निर्णय लिया था तो कई क्षेत्रों से इसकी आलोचना हुई थी, पर अब यह स्पष्ट हो गया कि आयोग ने ऐसा कर ठीक किया।
नक्सलवाद की समाप्ति पर : अमित शाह ने कहा था यहां नक्सलवाद लगभग खत्म हो गया है
नक्सलावाद की समाप्ति पर अमित शाह के बयान पर माथुर ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने यह कहा था कि झारखंड से नक्सलवाद लगभग-लगभग खत्म हो गया है, और यह बात सही भी है। भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हाे जाएगा।
बागी उम्मीदवारों पर : सरयू राय अब भाजपा के लिए एक आम आदमी की तरह
भाजपा के बागी उम्मीदवारों और सरयू राय के बारे में पूछे गए सवाल कि क्या वे अब भी भाजपा में हैं, माथुर ने कहा कि सरयू राय अब भाजपा के लिए एक आम आदमी की तरह हैं। इस सवाल पर कि विधायकों के टिकट काटने का क्या आधार रहा, माथुर ने कहा कि यह पार्टी का निर्णय है। पहले चरण के 13 विधानसभा सीटों में से भाजपा को कितनी सीटें मिलेंगी, माथुर ने कहा कि भविष्यवाणी करना पत्रकारों का काम है।