चतरा/पांकी. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 2014 में हमारी सरकार बनने के बाद राज्य उग्रवाद से ग्रसित था। इसे खत्म करने के लिए झारखंड के जवानों ने जान की बाजी लगा दी। उन्होंने कहा कि उग्रवाद मुक्त झारखंड, कानून का शासन और अमन-चैन के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध हैं। शुक्रवार को लातेहार में हुई दुखद घटना में हमारे जवान वीरगति को प्राप्त हुए। शहीदों की आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना है।
भगवान उन परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। आने वाले समय में ये राज्य उग्रवाद मुक्त बनेगा। मैं भटके हुए लोगों से मुख्यधारा में लौटकर राज्य के विकास में सहयोग देने की अपील कर रहा हूं। झारखंड की जनता और भाजपा सरकार कल की घटना में शहीद वीर जवानों के परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को पांकी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी शशिभूषण मेहता और चतरा विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी जनार्दन पासवान के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। इस दौरान झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी नंदकिशोर यादव ने भी जनता को संबोधित किया।
मुद्रा मोचन पार्टी को जनता से कोई लेना-देना नहीं: मुख्यमंत्री
पांकी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने झामुमो पर तंज कसते हुए कहा कि मुद्रा मोचन पार्टी को जनता से कोई लेना-देना नहीं है। इनका काम सिर्फ सत्ता में आकार मुद्रा लूटना है। प्रदेश में भाजपा की सरकार रहते यह संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 14 वर्षों में गठबंधन की कुशासन सरकार से झारखंड का बहुत नुकसान हुआ। भाजपा ने प्रदेश को स्थायी सरकार देकर विकास का रास्ता दिखाया। मेरा यह मानना है कि बिजली के बिना विकास संभव नहीं है। भाजपा सरकार ने बीते पांच वर्षों में हर घर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया है। डबल इंजन की भाजपा सरकार माताओं-बहनों को चूल्हा और डबल सिलेंडर की रिफिलिंग फ्री दे रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने 2 लाख 17 हजार सखी मंडल बनाकर महिलाओं को स्वरोजगार दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के सपने को पूरा करने के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार ने सुकन्या योजना चलायी। बेटियों की पढ़ाई से लेकर शादी तक भाजपा की सरकार 70 हजार रुपए दे रही है।
किसानों की आय में वृद्धि करना है पीएम मोदी का सपना: रघुवर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी का सपना किसानों की आय में वृद्धि करने का है। प्रदेश में भाजपा की सरकार मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के तहत कम से कम एक किसान को 11 हजार और अधिक से अधिक 31 हजार रुपए की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा बौद्ध धर्म स्तूप इटखोरी में होगा। प्रदेश की भाजपा सरकार इसके लिए काम कर रही है। इससे इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
बहुत हुई राजनीति, अब सिर्फ विकास पर होगी बात: नंदकिशोर यादव
पांकी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नंदकिशोर यादव ने कहा कि अब देश बदल रहा है, जातिवाद, संप्रदाय की बातें गौण होती जा रही हैं। अब सिर्फ एक ही नारा गूंज रहा है देश कैसे आगे बढ़ेगा, राज्य कैसे बढ़ेगा पहले पाकिस्तान आंख दिखाता था, तब कांग्रेस की सरकार चुप रहती थी। लेकिन जब नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनते हैं, तब पाकिस्तान अगर कुछ हरकत करता है, तो हमारी सेना के जवान पाकिस्तान में घुसकर बदला लेकर आते हैं। उन्होंने चतरा में जनार्दन पासवान के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत हो गई जातिवाद पर राजनीति, अब सिर्फ विकास पर बात होगी। फिर से विकास के लिए झारखंड में स्थायी और मजबूत सरकार बनाने की जरुरत है।